काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग: पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व
By Pangkhuri Kumari
History & Spiritual Content Strategist | Pooja Karo
नमः पार्वती पते, हर-हर महादेव—
काशी विश्वनाथ में कदम रखते ही यह दिव्य उद्घोष चारों दिशाओं में गूंज उठता है। शिव और काशी के बारे में कहा गया है
सानन्दमानन्दवने वसन्तं आनन्दकन्दं हतपापवृन्दम्।
वाराणसीनाथमनाथनाथं श्रीविश्वनाथं शरणं प्रपद्ये॥
काशी के आनन्दवन में निवास करने वाले भगवान शिव
समस्त सुख और परमानंद के स्रोत हैं।
वे हर दुःख, हर बाधा का नाश करने वाले,
वाराणसी के स्वामी और असहाय-निराश्रितों के सच्चे नाथ हैं।
काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग प्राचीन पौराणिक शहर वाराणसी के हृदय में स्थित है। यह ज्योतिर्लिंग संसार की उत्पत्ति से अस्तित्व में है और प्रलय तक अमर रहेगा। 'विश्वनाथ' नाम से ही स्पष्ट है कि यह सम्पूर्ण विश्व के नाथ, यानी परम ईश्वर हैं।
काशी विश्वनाथ कई महान संतों की प्रत्यक्षदर्शी रही है
· भक्ति आंदोलन के प्रसिद्ध संत कबीर का यहाँ जन्म हुआ,
· गोस्वामी तुलसीदास दास ने काशी में गंगा किनारे रामचरित मानस की रचना की
· आदि शंकराचार्य ने स्वयं काशी विश्वनाथ के दर्शन किए
इस धरती ने संतों के अनुभव, तप और उपदेशों को अपने भीतर आत्मसात किया है तभी ज्ञान का केंद्र काशी कहलाता है।
काशी में ज्योतिर्लिंग प्रकट होने की कथा
काशी नगर की उत्पत्ति की पौराणिक कथा
शिव-पार्वती के विवाह के बाद भगवान शिव कैलाश पर्वत पर निवास करने लगे।
माता पार्वती अपने मायके में रहती थीं, लेकिन उनका मन वहाँ नहीं लगता था।
उनका हृदय चाह रहा था कि वे भी अपने पति के साथ एक ऐसे स्थान पर रहें, जो केवल उनका हो।
एक दिन माता पार्वती ने बहुत ही सरल भाव से भगवान शिव से कहा—
“क्या हमारा भी कोई ऐसा स्थान नहीं हो सकता, जहाँ हम दोनों साथ निवास करें?”
माता के इस प्रेमपूर्ण आग्रह को सुनकर अपना त्रिशूल उठाया और उसकी नोक से पृथ्वी पर एक पवित्र स्थान को का निर्माणहुआ। वही स्थान काशी कहलाया।
इस दिव्य और पवित्र नगर काशी को देखकर माता पार्वती अत्यंत प्रसन्न हुईं। उन्होंने पूरे काशीवासियों को स्नेह व ममता से भोजन कराया।
माता की यही प्रसन्नता और अन्नदान का भाव आगे चलकर माँ अन्नपूर्णा के रूप में प्रकट हुआ।
माँ अन्नपूर्णा —जो कभी भी अपने भक्तों को भूखा नहीं रहने देतीं।
आज भी माँ अन्नपूर्णा का भव्य मंदिर काशी विश्वनाथ मंदिर के ठीक बगल में स्थित है।
आज भी श्रद्धापूर्वक लोग विश्वनाथ के बाद मां अन्नपूर्णा के दर्शन करते हैं ।
ऐसी मान्यता है कि दर्शन उपरांत उनके मंदिर से थोड़ा सा चावल प्रसाद स्वरूप जो भी अपने घर ले जाता है, उसके घर में कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती और सदैव समृद्धि बनी रहती है।
मान्यता कि महादेव ने काशी को वरदान दिया है—भयंकर से भयंकर प्रलय में भी, जब पूरी पृथ्वी डूब जाएगी, तब भी शिव की नगरी काशी सुरक्षित रहेगी।
काशी ज्योतिर्लिंग से जुड़ी दूसरी कथा है कि एक समय ब्रह्मा और विष्णु के बीच यह प्रश्न उठा कि वास्तव में सबसे श्रेष्ठ कौन है।
तब भगवान शिव ने विवाद को शांत करने के लिए अपना दिव्य स्वरूप दिखाया। वे एक अनंत प्रकाश स्तंभ के रूप में प्रकट हुए, जिसका न कोई आरंभ था, न कोई अंत।
शिव ने कहा—जो इस ज्योति स्तंभ के छोर को खोज लेगा, वही श्रेष्ठ माना जाएगा।
विष्णु जी वराह रूप में नीचे की ओर खोजने चले गए और ब्रह्मा जी हंस बनकर ऊपर की ओर।
कई युग बीत गए, लेकिन किसी को भी उस प्रकाश का अंत नहीं मिला। विष्णु जी ने सच स्वीकार कर लिया, पर ब्रह्मा जी ने झूठ बोलकर एक पुष्प को प्रमाण बता दिया।
शिव ने सत्य और असत्य को पहचान लिया। उन्होंने कहा कि जो सत्य बोलेगा, वही पूज्य होगा। इसी कारण विष्णु की पूजा हुई और ब्रह्मा की पूजा सीमित रह गई।
इसी लीला के बाद भगवान शिव काशी में ज्योतिर्लिंग रूप में प्रकट हुए, जिसे आज भी श्रद्धा से पूजा जाता है। यहां दिन में पाँच बार शिव की वंदना में अलग अलग आरती होती है
· समस्त प्राणियों के मंगल की कामना से सुबह तीन बजे मंगला आरती होती हैं
· दोपहर में भोग आरती,शाम में सप्तर्षि आरती
· फिर शृंगार आरती
· अंत में शयन आरती होती हैं जिसमें काशीवासी शिव को शयन कराते हैं।
यहीं पर स्थित ज्ञानवापी कुंड के जल को अमृत समान माना गया है स्कंदपुराण के काशी खंड में वर्णित है की इस कुंड का जलपान करने से जन्मों जन्मों के पाप धुल जाते थे
काशी विश्वनाथ को ध्वस्त करने की नाकाम कोशिश
कुछ इतिहासकारों के अनुसार ऐसे विदेशी शासकों का भी उल्लेख मिलता है जिन्होंने इस दिव्य मंदिर के अस्तित्व को मिटाने का प्रयास किया।
मोहम्मद गोरी द्वारा की गई लूट के बारे में इतिहासकार बताते हैं कि उसे इतना अपार धन प्राप्त हुआ कि वह 1400 ऊँटों पर लादकर ले जाया गया। इसके अतिरिक्त जौनपुर के सुल्तान महमूद शाह जैसे शासकों ने भी मंदिर को क्षति पहुँचाने का प्रयास किया।
जब नागा साधुओं ने मुगल सेना को झकझोर दिया
ऐतिहासिक स्रोतों में उल्लेख मिलता है मुगल शासक औरंगज़ेब ने काशी विश्वनाथ मंदिर को ध्वस्त करने का आदेश पारित किया।
एक सशस्त्र मुगल सेना बनारस की ओर बढ़ी, लेकिन इससे पहले कि वह विश्वनाथ मंदिर को नष्ट कर पाती, उसका सामना महानिर्वाणी अखाड़े के नागा साधुओं से हुआ।
इन साधुओं ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना शिवलिंग की रक्षा के लिए शस्त्र उठाए और अद्भुत साहस का परिचय दिया।
दूसरी बार 1669 में औरंगजेब ने पुनः काशी विश्वनाथ मन्दिर को तोड़ने का आदेश पारित किया था।
इस हुक्मनामे में लिखा था कि काफिरों के सारे पूजन स्थल, उनके शिवालाय, उनकी पाठशालाओं को खत्म कर दिया जाए।
कुछ इतिहासकार बताते हैं कि इसी समय भी 40,000 नाग साधुओं ने अपनी जान न्योछावर की थी। पर मुग़ल काशी विश्वनाथ के एक हिस्से को तोड़ने में सफल हो गए और वही आज का ज्ञानवापी मस्जिद स्थित है।
औरंगजेब की पुस्तक 'मासिर-ए-आलमगीरी' काशी विश्वनाथ मंदिर के विनाश के बारे में जानकारी प्रदान करती है।
मान्यता है कि औरंगज़ेब के हमले से पूर्व ही काशी विश्वनाथ के मुख्य शिवलिंग को सुरक्षित रूप से छुपाकर ज्ञानवापी परिसर में स्थापित कर दिया गया था।
यह शिवलिंग भूमि के भीतर इस प्रकार कुशलतापूर्वक सुरक्षित किया गया कि आज भी पहली दृष्टि में कोई यह नहीं पहचान पाता कि वहाँ सदियों पुराना शिवलिंग विराजमान है।
इतने समय के थपेड़े सहने के बाद भी काशी विश्वनाथ आज वही स्थित हैं जहाँ पहले थे।
बाहरी शासकों ने भले ही इस दिव्य ज्योतिर्लिंग का नामो-निशान मिटाने की कोशिश की,
किन्तु कई ऐसे महान शासक हुए जिन्होंने मन्दिर प्रांगण को बार बार पुनर्निर्माण करवाया।
अगर सरकारी आँकड़ों को मानें तो इस पावन भूमि पर आज भी यहाँ 30 लाख से ज्यादा पर्यटक आते हैं।
औरंगज़ेब द्वारा किए गए भारी विध्वंस के पश्चात इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने गहरी श्रद्धा के साथ शिवलिंग की पुनः प्राण-प्रतिष्ठा करवाई।
यह पावन कार्य ग्यारह शास्त्रीय पंडितों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार और शास्त्रसम्मत विधि से संपन्न हुआ, ताकि भगवान शिव की दिव्य उपस्थिति पुनः पूर्ण रूप से स्थापित हो सके।
इतिहास के पन्ने पलटने पर काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार से जुड़े अनेक राजाओं के नाम सामने आते हैं।
इनमें सम्राट विक्रमादित्य, राजा हरिश्चंद्र जैसे महान शासक शामिल हैं। मुगल सम्राट अकबर के नवरत्नों में से एक राजा टोडरमल ने भी पंडित नारायण भट्ट की सहायता से मंदिर के पुनर्निर्माण और संरक्षण में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
धर्मशास्त्रों में कहा गया है "काशी मरणान्मुक्ति" अर्थ : "काशी (वाराणसी) में मृत्यु मोक्ष की ओर ले जाती है"।
काशी विश्वनाथ मंदिर केवल संगमरमर से बना एक भवन नहीं है, यह भगवान शिव में अटूट आस्था, मोक्ष की उम्मीद और सनातन प्रेम की जीवंत अनुभूति है।
इस पावन नगरी में आकर हमें दिव्यता का एहसास होता है।
दिव्य गंगा आरती में हम इस समय से भी पुराने इस शहर की ऊर्जा स्वयं ही महसूस कर सकते
ऐसा प्रतीत होता है कि हमारे रोम-रोम में ‘ॐ नमः पार्वती पतये हर हर महादेव’ की अलौकिक गूँज बस गई हो।
काशी विश्वनाथ की गलियों में विचरण के समय हमें ऐसा अनुभव होता है कि यहाँ हर कंकड़-कंकड़ में शंकर विराजमान हैं।
यही वह पावन धाम है जहाँ मोक्ष का द्वार खुलता है और जहाँ की मिट्टी इंसान को जीवन, मृत्यु और मुक्ति का गहरा अर्थ समझा देती है।
हर हर महादेव!
Pangkhuri Kumari is a History & Spiritual Content Writer at Pooja Karo. She delights in creating emotionally engaging and culturally rich devotional content, thoughtfully rooted in proper historical context and filled with references to Vedic traditions.
With a Master’s degree in History from Banaras Hindu University (BHU) and UGC-NET qualifications, she combines academic depth with authenticity in her spiritual storytelling. She thoughtfully seeks to bring these timeless values to life for the modern world, always with care and respect.










