शिव-पार्वती का रिश्ता: आधुनिक जोड़ों के लिए सीख
शक्ति के बिना शिव अधूरे हैं और शिव के बिना शक्ति - जब दो शक्तियाँ बराबरी से साथ चलती हैं, तभी सृष्टि आगे बढ़ती है। उनका आज भी उतना ही प्रासंगिक जितना सदियों पहले था।
कलियुग में हम जिन समस्याओं से रोज़ जूझते हैं, जिनकी वजह से हमारे रिश्तों में तनाव, 'मैं ही सही हूँ' की ज़िद, आज के युग का भ्रम कि महिलाएँ सक्षम नहीं हैं और पुरुष भावुक नहीं हैं इत्यादि। इन सब समस्याओं के लिए हम थेरेपिस्ट या न जाने कौन-कौन से आधुनिक हल निकालने की कोशिश करते हैं। परंतु यदि हम अपना इतिहास उठाकर देखें, तो इन सब समस्याओं का हल हमें स्वयं माँ पार्वती और देवाधिपति महादेव के जीवन से ही मिल जाता है। यही तो है शिवत्व और सनातन की महिमा।
आइए, शिव और पार्वती के रिश्ते से सीखें कि आधुनिक जीवन रिश्तों को कैसे संतुलित तरीके से जिया जाए
हमारा सनातन धर्म हमें मानव मूल्य पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
1. प्रेम का अर्थ नियंत्रण नहीं, स्वीकृति है
आज के आधुनिक युग में रिश्ते जितनी जल्दी जुड़ते हैं उतनी जल्दी टूट भी जाते हैं। जब हम ध्यानपूर्वक विश्लेषण करेंगे तो हमें समझ आएगा कि इसलिए टूटते हैं क्योंकि हम सामने वाले को अपने साँचे में ढालना चाहते हैं।
मनुष्य को यह मिथ्या अभिमान हो जाता है कि मैं जो कह रहा हूँ, जो सोच रहा हूँ वही सही है। हम अपने जोड़े को खुद की सुविधा के हिसाब से या समाज के अनुसार ढालना चाहते हैं। लेकिन हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि प्रेम का अर्थ नियंत्रण नहीं, स्वीकृति है। हर व्यक्ति अपनी सोच के साथ आता है, अपनी पहचान के साथ आता है, नियंत्रण उसे वह बनने पर मजबूर कर देता है जो वह हैं नहीं, जिससे रिश्ते कमजोर होने लगते हैं, अपनी रौनक खो देते हैं या टूट जाते हैं। अब इस बात को हम महादेव और पार्वती की एक कहानी के जरिए स्पष्ट करते हैं। महादेव, देवों के देव हैं जो एक महान तपस्वी भी हैं, बिना किसी महल के कैलाश में वास करते हैं, आभूषण के रूप में वासुकी नाग व त्रिपुंड धारण किए हुए हैं, अपना सब कुछ त्याग कर महा वैरागी बन बैठे हैं। वही माता पार्वती, जो एक राजकुमारी हैं, महल में पली-बढ़ी सारी सुख-सुविधाओं से परिपूर्ण। अब ध्यान देने योग्य बात यह है कि शिव ने पार्वती से कभी नहीं कहा कि वे अपना श्रृंगार आदि छोड़ दें और उनकी ही तरह तपस्विनी का भेष धारण कर लें, वही माता पार्वती ने भी महादेव से यह अपेक्षा नहीं की कि महादेव अपने योगिक जीवन को त्यागकर, राजसी ठाठ-बाठ व सांसारिक वैभव अपनाएँ । यह इस रिश्ते का सबसे बड़ा सबक है—प्यार का मतलब किसी को बदलना नहीं है बल्कि अलग-अलग विचार होने पर भी एक-दूसरे का सम्मान करना है।
यही कारण है कि उनका रिश्ता कालातीत है, और आज भी उतना ही प्रासंगिक जितना सदियों पहले था।
2. शिव और पार्वती का रिश्ता जो हमें दूसरा महत्वपूर्ण गुण सिखाता है, वह है धैर्य रखना
आधुनिक युग में रिश्तों के टूटने की एक वजह एक दूसरे को समय न दे पाना, एक दूसरे को न सुनना है। हम साथ होते हुए भी अनुपस्थित रहते हैं। इस विचार को समझने के लिए चलिए महादेव की एक कथा पर नजर डालते हैं।
ब्रह्मांड के कल्याण के लिए शिव ने आदिशक्ति को खुद अलग किया था। शिवपुराण अनुसार 21 मन्वंतर तक उन्होंने आदिशक्ति की प्रतीक्षा में व्यतीत किए, उन्होंने धैर्य रखा ,वही शिवपुराण के अनुसार माता शक्ति ने भी शिव को पाने के लिए अलग-अलग रूपों में धरती पर जन्म लिया है। माता पार्वती ने इतनी कठोर तपस्या की थी कि जब बिल्वपत्र शिवलिंग पर चढ़ाए जाते थे, और समय के साथ मुरझाकर गिर जाते थे, तो माता केवल एक बेलपत्र ही ग्रहण करती थीं।
इस दृढ़ता और एकाग्रता के कारण ही उन्हें अपरना कहा गया । आजकल के नौजवान कुछ समय की अनुपस्थिति को प्रेम के खत्म होने के रूप में मान लेते हैं, जबकि शिव हमें सिखाते हैं कि प्रतीक्षा भी प्रेम की ही एक भाषा है।कभी-कभी वही दूरी रिश्ते की परीक्षा होती है। और जो इस परीक्षा में धैर्य रखता है, वही प्यार में सफल होता है।
3. पुरुष भी रोते हैं: शिव और पार्वती की सीख
आज जिस माहौल में हम रह रहे हैं वह कई रूढ़िवादी विचारों से घिरा हुआ है, उनमें से एक है कि पुरुष रोते नहीं, अपने भाव व्यक्त करना पुरुषत्व की निशानी नहीं है, भोला होना पुरुषों के लिए नहीं है, वही महिलाओं को संवेदनशील, भोली और कमजोर माना जाता है।
पर शिव और शक्ति का विवाह तो हमें कुछ और ही सिखया जाता है, वह इन सारे रूढ़िवादी परंपराओं को तोड़ता हैं।
महादेव को भोलेनाथ कहा जाता है, वहीं माता पार्वती का एक रूप माता काली हैं जो सृष्टि की भलाई के लिए रक्तपान भी कर जाती हैं।
शिव इस रूढ़िवाद को तोड़ते हैं , पुरुष रोते नहीं हैं, ।
दुख को व्यक्त करना कायरता है । जब देवी सती ने खुद को भस्म किया, उनकी देह को लेकर शिव विलाप करते रहे और भटकते रहे, यह कोई दुर्बलता नहीं थी। यह उस पुरुष का स्वरूप था जो अपने भावों को दबाता नहीं, उन्हें जीता है।शिव का विलाप यह सिद्ध करता है कि भावनाएँ व्यक्त करना पुरुषार्थ के विरुद्ध नहीं, बल्कि उसका ही एक अभिन्न अंग है।
4. शिव पार्वती के जीवन से जो अगला गुण हमें सीखने को मिलता है वह है समर्पण
जब माता पार्वती ने काली रूप धारण किया था, इस रूप उत्पन्न होने वाली तेज़ ऊर्जा से संसार को और स्वयं माता पार्वती को बचाने के लिए शिव स्वयं माँ काली के सामने लेट गए थे। जब माँ काली का पाँव शिव के सीने पर पड़ा तब माता का उग्र रूप शांत हुआ। यह कहानी हमें एक महत्वपूर्ण सीख देती है-रिश्तों में जहां जरूरत हो, वहां अहंकार छोड़कर समर्पित होना।, जैसे महादेवों देवों के देव होकर भी माता के चरणों में समर्पित हुए थे। यह हमें समर्पण का भाव सिखाता है।
5. साझा जिम्मेदारी, मजबूत रिश्ता
जब जब माता पार्वती ने संसार की भलाई के लिए उग्ररूप धारण किया, तब तब महादेव ने कभी शिशु बनकर, कभी महादेवी के चरणों में लेटकर अपनी अर्धांगिनी की रक्षा की, वही जब महादेव ने समुद्र मंथन से निकले हलाहल विष को धारण किया, माता पार्वती ने अपना हाथ लगाकर उस विष को महादेव के गले तक सीमित कर दिया।महादेव के जीवन की यह कथा हमें यह बताती है कि दंपती जोड़ो को भी हर जिम्मेदारी साझा कर कर, एक दूसरे के सहयोग से निभानी चाहिए।
आज के आधुनिक काल में यदि हम बैठ कर, एक दूसरे की ताकत और कमजोरी समझकर अपनी जिम्मेदारी साझा करें तो हम अपने रिश्तों में आने वाले तनाव से बच सकते हैं।
6. दूसरों के लिए मिलकर जीने की सीख – शिव और पार्वती का दृष्टांत
जब पार्वती ने शिव को पाने के लिए तपस्या की थी, तो यह कोई व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं थी बल्कि शिव और शक्ति दोनों को ही पता था कि उनके एक होने से संसार का कल्याण निहित है।
शिव की यह कथा आज हमें यह प्रेरणा देती है कि रिश्ते केवल “हम और आप” तक सीमित नहीं होते।
एक सशक्त और संतुलित जोड़ी वह है, जो अपने संबंध के साथ-साथ परिवार, समाज और अन्य लोगों के हित को भी ध्यान में रखती है।
7. तकरार और सुलह – शिव और पार्वती का दृष्टांत
एक बार, शिव और पार्वती चौपड़ खेल रहे थे। पहली बार, शिव खेल हार गए। हारने के बाद, वह मार्गदर्शन के लिए भगवान विष्णु के पास गए। दूसरी बार जब उन्होंने फिर से खेलना शुरू किया, शिव ने पासे में विष्णु और नारद की मदद ली। जब पार्वती को इसका पता चला, तो वह नाराज हो गईं। लेकिन अंततः, पार्वती ने शिव को समझाया, और शिव ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। यह प्रसंग हमें आधुनिक संबंधों में कुछ महत्वपूर्ण सबक सिखाता है:
रिश्तों में मतभेद और छोटे झगड़े आम हैं, झगड़े के बाद साथी के सामने अपनी गलती स्वीकार करना और माफी मांगना,
रिश्ते को मजबूत करता है।
इस प्रकार यह कहानी हमें बताती है कि रिश्तों में मतभेद आएंगे, लेकिन उन्हें खींच-तान और अहंकार में बदलना नहीं चाहिए।
8. प्रेम दिखावा नहीं, स्थिरता माँगता है
जब पार्वती अपनी तपस्या में थीं, तभी शिव ने उनकी परीक्षा लेने के लिए उनके पास ऋषि भेजे। उन्होंने माता से पूछा कि गुणों के भंडार श्रीहरि विष्णु को छोड़कर माता क्यों अघोरी शिव की तपस्या कर रही हैं। माता ने इसका बहुत सुंदर जवाब दिया, जो आजकल की नव पीढ़ी को याद रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वे शिव से निःस्वार्थ प्रेम करती हैं, यदि उनके गुणों को देखकर प्रेम करेंगी तो वह अस्थायी और स्वार्थी प्रेम होगा।
उनका प्रेम शिव के लिए था,
अपने लिए नहीं।
आज के नव युवा दंपत्तियों को इससे सीखने की आवश्यकता है कि प्रेम इस बात से तय होता है कि आप कितना दे पा रहे हैं, इस बात से नहीं कि आपको अपना तथाकथित प्रेम पाकर कितनी सुविधाएँ, लक्ज़री, आराम आदि प्राप्त होंगे। प्रेम पाने की भावना से नहीं, बल्कि खुद को समर्पित करने की भावना से होता है।
9. सही साथी वही, जिसके साथ हर परिस्थिति में निभाया जाए
माता पार्वती सिर्फ प्यार करना ही नहीं सिखातीं, वे यह भी सिखाती हैं कि अपने प्रिय के साथ खड़े कैसे रहें। आइए इसे महादेव की एक प्रसिद्द कथा से समझते हैं।
माता पार्वती का जन्म एक राजघराने में हुआ था, वहाँ उच्चवर्गीय लोग रहते थे। माता पार्वती स्वयं एक राजकुमारी थीं। महादेव अपनी बारात लेकर पार्वती के घर आए, उनकी बारात इतनी भयानक थी कि माता पार्वती की माँ मूर्छित होकर गिर पड़ीं। ऐसे कौन लोग थे बारात में? वही थे जो शिव के अत्यंत प्रिय थे पर समाज में अस्वीकृत थे—भूत, प्रेत, पिशाच गण।
राजा के घर ऐसे बारात ले जाकर जाना उस समय असामान्य था। खजानों और रत्नों के सुसज्जित बारात की कल्पना की गई थी और कहाँ एक वैरागी भस्म उड़ाते हुए आए।
लेकिन पार्वती जानती थीं—
ये वही हैं जिन्हें शिव अपना मानते हैं।
और जिसे आप प्रेम करते हैं, उसे उसके अपने लोगों के साथ स्वीकार करना ही सच्चा साथ होता है।यह प्रसंग आज के कपल्स को एक बहुत बड़ी सीख देता है—
कि प्रेम केवल सुखद परिस्थितियों में साथ खड़े रहना नहीं है।
प्रेम वह है जो तब भी साथ खड़ा रहता है
जब परिस्थितियाँ असहज हों ।
10. प्रेम में कोई बड़ा या छोटा नहीं होता। हम शिव पार्वती के रिश्ते में यह नहीं कह सकते कि शिव शक्ति से ज्यादा जरूरी हैं। शिव और शक्ति के एक साथ होने से ही एक महान शक्ति का निर्माण होता है।
इसी प्रकार आज की पीढ़ी को यह ध्यान रखना चाहिए कि वे अपने पार्टनर पर हावी न हों। खुद को श्रेष्ठ और उन्हें कमतर ना महसूस कराएं, इस तरह रिश्ते को तनाव मुक्त किया जा सकता है।
हर हर महादेव








